Saturday, July 13, 2013

विनम्रता का साकार रूप / अभिमान किस बात का

धवल समारोह पर व्यक्त किया उनका संकल्प
विनम्रता का साकार रूप कहा जा सकता है - -
प्राप्त पूजा में और अधिक विनम्र बनूं,
साधना के पथ पर और आगे बढूं,
लोक-कल्याण में और अधिक निमित्त बनूं,
यही संकल्प मेरे अग्रिम जीवन के प्रकाश-दीप होंगे |
===================================
व्यक्ति को अपने अस्तित्व की सुरक्षा के लिए स्वाभिमान रखना आवश्यक है |
पर अभिमान अस्तित्व के लिए खतरा है |
पूज्य गुरुदेव कहते थे कि
व्यक्ति अपने आपको ऊंचा और दूसरों को हीन मानकर आत्मोकर्ष करता है,
यह उसका अभिमान है,
आत्महनन है,
जो हिंसा का ही एक रूप है |
---------------------------
उनके अभिव्यक्त विचार हर किसी की अहं चेतना पर चोट करने में सक्षम हैं ---
" मेरे चित्त पर कभी-कभी अभिमान की छाया आ जाती है |
मैं चौंककर उसे देखता हूँ और सोचता हूँ कि
मैं अभिमान किस बात का करूं ?
ज्ञान का ?
संसार में अनेक व्यक्ति ऐसे हैं,
जो अनेक क्षेत्रों में मेरे से अधिक ज्ञानी हैं |
कुछ विषय ऐसे भी हैं,
जिनका मैं ककहरा भी नहीं जानता |
यदि मेरे पास केवलज्ञान होता तो
संभवतः अभिमान का प्रसंग हो सकता था |
पर केवलज्ञानी अभिमानमुक्त होते हैं |
तो क्या तप का अभिमान करूं ?
मैंने तो बेले-तेले ही किये हैं ?
* भगवान् महावीर तो छह-छह माह की तपस्या सहज ही कर लेते थे |
यह भी नहीं तो क्या बुद्धि का अभिमान करूं ?
* अभयकुमार जैसी बुद्धि हो तो भले ही अभिमान किया जा सके,
पर अभयकुमार और स्थूलिभद्र की ७ बहिनों जैसी बुद्धि कहाँ ?
* इसी प्रकार बाहुबलि जैसा बल होता तो
बल पर अभिमान करने का प्रसंग हो सकता था |
* दर्शन की दृष्टि से क्षायक सम्यक्त्व और
चारित्र की दृष्टि से क्षायक चारित्र होता तो
अभिमान का विषय बनता |
* इसी प्रकार सनत्कुमार और मघवागणी जैसा मेरा रूप होता तो
अभिमान का हेतु बनता | अन्यथा रूप का भी क्या अभिमान करना ?
ऐश्वर्य का भी कैसा अभिमान ?
* शालिभद्र जैसा ऐश्वर्य कहाँ ?
------------------------------
मैं तो सोचता रहता हूँ कि
जिन लोगों के पास यह सब था,
उन्हें भी अभिमान नहीं हुआ तो
मेरे पास तो अभिमान करने लायक कुछ है ही नहीं,
फिर अभिमान किस बात का करूँ ?
मेरी स्पष्ट मान्यता है कि
मैं महान हूँ,
आकर्षक वक्ता हूँ,
प्रमुख लेखक हूँ,
कवि हूँ --
ये सब अभिमान के चिन्ह हैं |
साधक को इन सब अहंमान्यताओं से ऊपर उठना चाहिए | 
--------------------------------------------------------
पूज्य गुरुदेव की आत्मतेज युक्त यह अनुभवपूत वाणी
अहंकार की जड़ों पर प्रहार कर विनम्रता की नयी पौध
लगाने में सक्षम होगी,
ऐसा विश्वास है |

No comments:

Post a Comment